धनबाद: झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री Radhakrishna Kishore ने शनिवार को धनबाद स्थित वाणिज्य कर भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रह और विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में धनबाद प्रमंडल के वाणिज्य कर कार्यालयों के साथ-साथ धनबाद और बोकारो के जिला योजना कार्यालयों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री ने विभागवार निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले प्राप्त राजस्व, लंबित मामलों, निष्पादित प्रकरणों और प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि विभागों को वाहन, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता होने पर सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी है और अपनी कार्यकुशलता तथा समर्पण से राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी विभागों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक से पूर्व मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त मुख्यालय रांची दिलीप कुमार मंडल, अपर आयुक्त धनबाद प्रमंडल जीव नारायण मंडल, अपर आयुक्त (अपील) कंचन वरवा, राज्य कर सहायक आयुक्त ध्रुव नारायण राय, प्रभारी जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
















