धनबाद: कोयलांचल में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामले में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के पूर्व अधीक्षक Arun Barnwal का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। साइबर ठग उनके नाम और प्रोफाइल का इस्तेमाल कर परिचितों एवं संपर्क सूची में मौजूद लोगों से पैसों की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हैकर्स डॉ. अरुण बरनवाल के व्हाट्सएप नंबर से लोगों को संदेश भेज रहे हैं। मैसेज में दावा किया जा रहा है कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल पैसों की जरूरत है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि मांगी गई राशि शाम तक वापस कर दी जाएगी।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद डॉ. अरुण बरनवाल ने अपने परिचितों और शुभचिंतकों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी पैसे मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर न करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर अपराधी अब व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी प्रोफाइल और सोशल इंजीनियरिंग के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी वित्तीय लेनदेन से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर पुष्टि करना आवश्यक है।
पुलिस और साइबर सेल द्वारा लोगों से सतर्क रहने तथा संदिग्ध मैसेज मिलने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।














