धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव एवं ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित जिले के विभिन्न थाना और पुलिस इकाइयों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना तथा अनुसंधान प्रक्रिया को अधिक सशक्त करना था। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से जिले के 329 पुलिस अवर निरीक्षक (SI) एवं 561 सहायक अवर निरीक्षक (ASI) सहित कुल 890 पुलिस पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि अनुसंधान के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों के संकलन पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही समय पर चार्जशीट न्यायालय में समर्पित करने तथा वारंट और कुर्की के मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा।
एसएसपी ने निर्देश दिया कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम को दी जाए। पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, रात्रि गश्ती बढ़ाएं तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और गतिविधियों की नियमित जांच करें।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए मजबूत सूचना तंत्र बेहद आवश्यक है। यदि पुलिस को समय पर सही सूचना मिलेगी तो अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी में अधिक सफलता मिलेगी। इसके लिए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी को नियमित रूप से चलाने का निर्देश दिया गया।
थाना स्तर पर जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि आम नागरिकों के साथ मित्रवत और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि जिस दिन उनके कार्यालय में शिकायतकर्ताओं की संख्या कम हो जाएगी, उस दिन यह माना जाएगा कि थाना स्तर पर लोगों को समय पर न्याय और कानूनी सहायता मिल रही है। इसके अलावा क्षेत्र में अड्डाबाजी के खिलाफ नियमित अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
कार्यशाला के समापन पर एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
















