हाजीपुर: यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने रक्सौल और तिरुपति के बीच एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 17434/17433 रक्सौल-तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस का परिचालन 1 जून 2026 से प्रारंभ किया गया है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, झाझा, धनबाद, रांची, राउरकेला, रायपुर, बिलासपुर, गोंदिया और सिकंदराबाद जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे विशेष रूप से धनबाद और रांची क्षेत्र के यात्रियों को तिरुपति जाने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
तिरुपति से रक्सौल का समय
ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से सुबह 8:15 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद यह बुधवार को सुबह 3:45 बजे धनबाद, 8:00 बजे झाझा, 8:51 बजे किउल, 10:40 बजे बरौनी, 12:15 बजे समस्तीपुर, 1:28 बजे दरभंगा और 2:55 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
रक्सौल से तिरुपति का समय
वहीं ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रक्सौल से सुबह 3:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 4:42 बजे सीतामढ़ी, 7:00 बजे दरभंगा, 8:13 बजे समस्तीपुर, 9:20 बजे बरौनी, 10:38 बजे किउल, 12:20 बजे झाझा और शाम 4:15 बजे धनबाद पहुंचते हुए विभिन्न स्टेशनों से गुजरकर शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी।
24 कोच वाली होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 24 कोच लगाए गए हैं। इनमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी (2AC) के 3 कोच, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी (3AC) के 5 कोच, शयनयान (स्लीपर) श्रेणी के 10 कोच, सामान्य श्रेणी के 4 कोच तथा एसएलआरडी के 2 कोच शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालन से तिरुपति बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारिक यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत तक सीधी रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
















