धनबाद, 16 अगस्त 2026: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने रविवार को धनबाद-रखितपुर-सिंदरी टाउन रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, सिग्नलिंग व्यवस्था, रेलवे ट्रैक और रेल पुलों समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने रेल ट्रैक के बेहतर रखरखाव पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को सुरक्षित एवं संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने न्यू सेल कोलियरी, तसरा और सिंदरी स्थित हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) का भी निरीक्षण किया। इसके बाद तसरा और HURL के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल की कार्यप्रगति और विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
इस दौरान धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र समेत पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और धनबाद मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















