धनबाद: जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने की दिशा में सदर अस्पताल में कई नई सुविधाओं की शुरुआत की गई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित कार-बाइक पार्किंग शेड, मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड, ओपीडी, आरबीएसके एवं सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने कहा कि इन नई सुविधाओं का सीधा लाभ मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा। मॉड्यूलर आयुष्मान वार्ड में आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं नए ओपीडी परिसर के शुरू होने से मरीजों को उपचार और जांच से जुड़ी सेवाएं अधिक सुगम तरीके से मिल सकेंगी।
बच्चों के इलाज के लिए विशेष आरबीएसके कैंप
बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल भी की जा रही है। 11 से 22 अगस्त तक विशेष आरबीएसके कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक करीब 700 बच्चों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
अभियान के दौरान जन्मजात बीमारी या अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की पहचान कर आवश्यक सर्जरी निःशुल्क कराने की व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी ऐसे बच्चे की जानकारी है, जिसे गंभीर बीमारी या सर्जरी की आवश्यकता है, तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को अवश्य दें, ताकि बच्चे को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
सदर अस्पताल में शुरू की गई इन नई सुविधाओं से अस्पताल को आधुनिक, सुविधाजनक एवं जनहितकारी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















