धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए सात संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं, जिनमें एक बाइक चोरी की बताई गई है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे धनसार थाना की गश्ती टीम ने मनईटांड के कला संगम के पास दो बाइकों पर सवार छह संदिग्धों को देखा। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। इसके बाद सिटी हॉक्स की मदद से गांधीनगर शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आजाद आलम के पास से एक देशी कट्टा और मुकेश कुमार के पास से 3.15 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की नीयत से घूमने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, बरामद हीरो ग्लैमर बाइक मटकुरिया से चोरी की गई थी।
पुलिस ने आजाद आलम की निशानदेही पर कथित रूप से हथियार उपलब्ध कराने वाले जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, मो. साकित हुसैन, किशन बास्फोड़, बबलू यादव, नितीश कुमार, आजाद आलम और जग्गू पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, सीडी डीलक्स बाइक और चोरी की बताई जा रही हीरो ग्लैमर बाइक बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















