रानीगंज: धनतेरस की रात रानीगंज थाना क्षेत्र के 33 नंबर वार्ड स्थित जिराडांगा अपार्टमेंट में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। यहां बदमाशों ने एक के बाद एक तीन फ्लैटों को निशाना बनाकर सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार, चार से पांच बदमाश अपार्टमेंट में दाखिल हुए थे। CCTV फुटेज में संदिग्धों को हाथों में हंसिया और लोहे की रॉड जैसे औजार लिए घूमते देखा गया है। स्थानीय निवासियों को आशंका है कि वारदात से पहले अपार्टमेंट की रेकी की गई थी।
बताया जा रहा है कि एक निवासी की नींद खुलने पर संदिग्धों की मौजूदगी का पता चला। इसके बाद अपार्टमेंट के सचिव को सूचना दी गई और लोगों के शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
धनतेरस की रात हुई इस घटना के बाद अपार्टमेंट के निवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
















