धनबाद: दीपावली और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की तैयारी शुरू की है। रेलवे बोर्ड ने देशभर के 73 अधिक भीड़ वाले स्टेशनों को चिह्नित कर त्योहारी सीजन में प्रवेश और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद, पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे स्टेशन भी इसमें शामिल हैं।
नई व्यवस्था के तहत स्टेशन परिसर में कन्फर्म रिजर्वेशन या वैध जनरल टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति देने की योजना है। वहीं, वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी बंद रखी जा सकती है।
धनबाद स्टेशन पर गेट नंबर-3 से प्रवेश
त्योहारी भीड़ को देखते हुए धनबाद स्टेशन पर गेट नंबर-3 के अंदर अस्थायी वेटिंग एरिया तैयार किया जाएगा। प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों को छोड़ने या लेने आए लोगों को भी इसी क्षेत्र में रोका जाएगा।
स्टेशन के अन्य प्रवेश मार्गों को बंद कर गेट नंबर-3 को मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। यहां टिकट की जांच के बाद कन्फर्म रिजर्वेशन और जनरल टिकट वाले यात्रियों को ही आगे जाने की अनुमति होगी। बिना टिकट और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को वेटिंग एरिया में रोकने की व्यवस्था होगी।
अफरातफरी रोकने पर जोर
रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान कई यात्री ट्रेन के समय से काफी पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर लगातार भीड़ बढ़ती है और ट्रेन आने की सूचना के बाद यात्रियों की अचानक आवाजाही से स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
रेलवे का मानना है कि कन्फर्म और जनरल टिकट वाले यात्रियों की संख्या व उनके निर्धारित कोच की जानकारी पहले से उपलब्ध रहती है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना आसान होता है। वेटिंग टिकट वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान भीड़ और अफरातफरी की स्थिति बन सकती है। इसी वजह से प्रवेश द्वार पर ही टिकट जांच कर वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को रोकने की व्यवस्था की जा रही है।
















