गोविंदपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) धनबाद द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय आउटरीच प्रोग्राम के तहत बुधवार को गोविंदपुर प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, पनडुब्बी में विधिक साक्षरता कक्षा एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पारा लीगल वॉलिंटियर्स (PLVs) द्वारा सम्मानित किया गया। बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिससे उनमें काफी उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सह अधिकार मित्र सुभाष चंद्र महतो ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और शिक्षा को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।
इस दौरान बच्चों को राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोग मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही संवाद योजना, जागृति योजना, DAWN योजना और स्पॉन्सरशिप योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिकार मित्र सुभाष चंद्र महतो, सबीता कुमारी, जयप्रकाश महतो, रॉकी पाण्डेय, लक्ष्मी कुमारी, संध्या देवी, उत्तम मंडल और विक्रम मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज मिश्रा एवं अन्य शिक्षकों ने भी आयोजन में सहयोग किया।
















