रांची: हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) को बचाने और लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर श्रमिक संगठनों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। श्रमिकों ने एचईसी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन कर संस्थान के निजीकरण की आशंका पर चिंता जताई और प्रबंधन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय का भी समर्थन मिला। उन्होंने श्रमिकों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया और एचईसी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पत्रकारों से बातचीत में सुबोधकांत सहाय ने आरोप लगाया कि महज छह करोड़ रुपये के भुगतान के मामले में एचईसी को राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) में ले जाना गंभीर मामला है। उन्होंने एचईसी को देश की महत्वपूर्ण मदर इंडस्ट्री बताते हुए कहा कि संस्थान पर संकट का असर कर्मचारियों के साथ-साथ आवासीय कॉलोनी में रहने वाले परिवारों पर भी पड़ सकता है।
श्रमिक संगठनों ने लंबित वेतन का भुगतान, निजीकरण की आशंका दूर करने और संस्थान को फिर से मजबूत बनाने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
















