हाजीपुर: पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने गुरुवार को समस्तीपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाल्मीकिनगर-बेतिया-सगौली-रक्सौल-सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक, रेल पुलों, प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित रेलखंडों में चल रही दोहरीकरण परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।
महाप्रबंधक ने नरकटियागंज, बेतिया, रक्सौल और सीतामढ़ी स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। बेतिया स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
इसके अलावा महाप्रबंधक ने कुमारबाग स्थित लोडिंग प्वाइंट का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
















