धनबाद: झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण को लेकर विधायक रागिनी सिंह ने पहल तेज कर दी है। एनओसी के अभाव में रुके सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए विधायक ने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने अपने पत्र में धनबाद अंतर्गत बालियापुर-मोहरीबांध पथ (MDR-047) के किलोमीटर एक और दो के बीच भू-धंसान की स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक डायवर्सन रोड का निर्माण आवश्यक है।
एनओसी नहीं मिलने से रुका है काम
रागिनी सिंह ने बताया कि बीसीसीएल की ओर से पोषित डायवर्सन रोड के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी नहीं मिलने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने प्रधान सचिव से संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की।
विधायक ने कहा कि सड़क की वर्तमान स्थिति और लोगों की परेशानी को देखते हुए मामले में तत्काल विभागीय पहल जरूरी है। एनओसी मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
चीफ इंजीनियर कराएंगे स्थल का सर्वे
मामले पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी और एनओसी संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए चीफ इंजीनियर के माध्यम से स्थल का सर्वे कराया जाएगा।
सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जेएमसी कंपनी को एनओसी उपलब्ध कराने और सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण कार्य को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
बालियापुर-मोहरीबांध सड़क स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क निर्माण शुरू होने से आवागमन सुगम होने के साथ लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक की पहल के बाद क्षेत्रवासियों में भी सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है।
















