गिरिडीह: डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित हथियापाथर इलाके में छापेमारी कर कथित अवैध शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया। करीब पांच घंटे तक चले अभियान में भारी मात्रा में तैयार विदेशी शराब, स्पिरिट और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
7,200 लीटर तैयार शराब जब्त
अधीक्षक उत्पाद शिव कुमार साहू के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब 800 कार्टन में रखी लगभग 7,200 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा ड्रम में रखी करीब 100 लीटर रंगीन विदेशी शराब और 350 लीटर अवैध स्पिरिट भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली खाली कांच और प्लास्टिक की बोतलें, करीब 8,000 ढक्कन, 10,000 होलोग्राम, 15,000 लेबल, 5 लीटर कैरामेल और दो पंचिंग मशीनें भी बरामद की गईं।
दो आरोपियों की पहचान, तलाश जारी
उत्पाद विभाग के अनुसार, इस मामले में हथियापाथर निवासी नंदू साव और हजारीबाग जिले के झुमरा निवासी धनेश्वर प्रसाद की पहचान की गई है। दोनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग अवैध शराब के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है। इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, महेश कुमार दास, रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण कुमार महतो और बगोदर थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।
















