, ,

गोमो में तालाब में डूबने से 35 वर्षीय सुनील महतो की मौत, परिवार में पसरा मातम

JP Bharat Shareगोमो : हरिहरपुर थाना क्षेत्र के खुबरी आमटांड़ (खैरियो) निवासी 35 वर्षीय सुनील कुमार महतो की सोमवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह अपनी पत्नी के साथ खैरियो रेल फाटक के समीप स्थित तालाब में नहाने गए थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच…

JP Bharat Share

गोमो : हरिहरपुर थाना क्षेत्र के खुबरी आमटांड़ (खैरियो) निवासी 35 वर्षीय सुनील कुमार महतो की सोमवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह अपनी पत्नी के साथ खैरियो रेल फाटक के समीप स्थित तालाब में नहाने गए थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी के सामने हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार महतो (35), पिता स्वर्गीय झगरू महतो, सोमवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान नहाते हुए वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पति को डूबता देख पत्नी ने भी पानी में छलांग लगा दी और उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तालाब का पानी काफी गहरा होने के कारण वह सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में काफी खोजबीन की, लेकिन सुनील का कुछ पता नहीं चला।

घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गोताखोर बुलाने की मांग की। इसके बाद पुटकी से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। काफी मशक्कत के बाद देर शाम गोताखोरों ने सुनील का शव तालाब से बाहर निकाला।

शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी की हालत सबसे ज्यादा खराब थी। पति को अपनी आंखों के सामने डूबते देखने और चाहकर भी उन्हें बचा नहीं पाने के कारण वह बार-बार बेहोश हो रही थीं।

बताया जाता है कि सुनील पेशे से ट्रैक्टर चालक थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा आठ और दस वर्ष के दो पुत्र हैं। इस घटना से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। हरिहरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए शव धनबाद भेजे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

मौके पर प्रखंड प्रमुख आनंद महतो, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, तारकेश्वर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports