धनबाद: गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे जोनल ट्रेनिंग स्कूल के पास लाल बंगला के आगे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान वासेपुर न्यू कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शाहबाज अहमद उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मकबूल खान का पुत्र था।
घटना की सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और गोंदूडीह ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव झाड़ियों तक कैसे पहुंचा, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
















