गोविंदपुर : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित SSC GD कांस्टेबल परीक्षा 25 मई से शुरू हो गई है। आयोग की ओर से 23 मई से 30 मई तक परीक्षा का शेड्यूल जारी किया गया है। इसी क्रम में गोविंदपुर स्थित इन्फोटेक सेंटर में ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से बाहर काफी भीड़ देखने को मिली। तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई अभ्यर्थियों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि केंद्र के बाहर पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से दिक्कत हो रही है।
हालांकि परीक्षा ऑब्जर्वर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केंद्र के अंदर पानी समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
एक ओर जहां परीक्षा की डिजिटल प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती दिखी, वहीं दूसरी ओर केंद्र के बाहर की व्यवस्थाओं को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी भी देखने को मिली।














