हजारीबाग: केरेडारी स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में रोजगार की मांग को लेकर बुधवार को एक युवक टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान पहरा गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के साइट कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार ने आरोप लगाया है कि करीब छह महीने पहले उसने कंपनी का ट्रायल पास किया था, लेकिन अब तक उसे काम पर नहीं रखा गया। उसने अपने पत्र में कंपनी प्रबंधन पर रोजगार को लेकर आश्वासन देने के बावजूद नियुक्ति नहीं करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने तथा रोजगार से जुड़े मामले का निष्पक्ष समाधान करने की मांग की है। फिलहाल युवक की सुरक्षा प्राथमिकता है।
















