धनबाद: IIT (ISM) धनबाद के मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग ने क्लीनटेक, ग्रीन मोबिलिटी, एनर्जी-एज-ए-सर्विस और सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में शोध और इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए उर्जा मोबिलिटी के साथ एमओयू किया है। उर्जा मोबिलिटी, MTOW Mobility Private Limited का ब्रांड है।
30 सितंबर को IIT (ISM) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने उर्जा मोबिलिटी के अधिकारियों के साथ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र की जरूरतों तथा संभावित शोध क्षेत्रों पर चर्चा की।
संयुक्त शोध और इंडस्ट्री की समस्याओं पर होगा काम
एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध, फैकल्टी-इंडस्ट्री संवाद और उद्योग से जुड़ी वास्तविक समस्याओं की पहचान कर शोध आधारित समाधान विकसित करने पर काम करेंगे। इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एनर्जी सिस्टम, क्लीनटेक और सस्टेनेबल रिसोर्स मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर रहेगा।
एमओयू पर उर्जा मोबिलिटी के फाउंडर एवं डायरेक्टर पंकज चोपड़ा, को-फाउंडर एवं डायरेक्टर अनघ ओझा तथा IIT (ISM) के डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. पार्थसारथी दास, प्रो. शिखा सिंह और प्रो. एजाज अहमद ने हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम में डीन इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप एंड कॉरपोरेट रिलेशंस प्रो. आलोक दास भी मौजूद रहे।
‘Charged for Impact’ पर इंडस्ट्री-अकादमिक संवाद
इस अवसर पर “Charged for Impact” थीम पर इंडस्ट्री-अकादमिक इंटरैक्शन भी आयोजित किया गया। उर्जा मोबिलिटी के पंकज चोपड़ा ने “From Strategy to Sustainable Scale” और अनघ ओझा ने “It’s All About Energy” विषय पर विचार साझा किए।
वहीं, Exigo Recycling Private Limited के प्रमोटर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर रमन शर्मा ने “Second Life to End Life” विषय पर अपने अनुभव साझा किए।
IIT (ISM) और उर्जा मोबिलिटी के बीच यह साझेदारी सस्टेनेबल मोबिलिटी, एनर्जी मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े क्षेत्रों में शोध एवं उद्योग के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।
















