धनबाद: इनर व्हील क्लब ऑफ धनबाद माइलस्टोन की ओर से सोमवार सुबह कुसुम विहार फेज-2 स्थित जूनियर अपर्णा पब्लिक स्कूल में स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की कक्षा 5 एवं 6 के विद्यार्थियों को क्लब की सचिव गीता चौबे ने स्वच्छता की शपथ दिलाई। बच्चों ने अपने विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब की उपाध्यक्ष रेणु कौशल भी उपस्थित रहीं। विद्यालय के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी।
क्लब की ओर से बताया गया कि समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्लब की सदस्यों ने स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।
















