भागलपुर : भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग घंटों तक बाधित रहा।
सड़क जाम होने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन लंबे समय तक सड़क पर फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर बिजली के तार टूट गए और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इसके कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अंधेरे और उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हुए।
प्राकृतिक आपदा का असर स्थानीय कारोबारियों पर भी पड़ा। अंजलि ऑटोमोटिव के मालिक ने बताया कि तेज तूफान के कारण उनके गैरेज का शेड उड़ गया तथा मरम्मत के लिए आई कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन से जल्द राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस आपदा की घड़ी में प्रशासन को प्रभावित परिवारों और व्यापारियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए तथा हुए नुकसान की उचित भरपाई सुनिश्चित करनी चाहिए।














