रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा करने और मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण सही तरीके से दर्ज कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
















