रांची: झारखंड में मॉनसून की दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मॉनसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं और अगले 72 घंटों के भीतर इसके कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 39.4 मिमी वर्षा देवघर जिले के सिकटिया में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मझगांव में 39.2 मिमी, रामगढ़ में 38.2 मिमी तथा नंदाडीह में 34.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
तापमान की बात करें तो पलामू जिले का डालटेनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 8 और 9 जून को राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिले इस अलर्ट के दायरे में हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 जून को कुछ जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद मौसम में बदलाव के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। 10 से 12 जून के बीच मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों और सलाह पर लगातार नजर बनाए रखने की अपील की है।
मॉनसून के आगमन की संभावना के बीच राज्य के किसानों में भी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि इससे खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है।
















