झरिया: कार्तिक मास के अवसर पर रविवार को झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब के तट पर बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बनारस से आए पुजारियों की टीम ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न कराई। इस दौरान तालाब का तट दीपों से जगमगा उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु आरती के दर्शन के लिए पहुंचे।
कार्यक्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद के महापौर संजीव सिंह और झरिया राजघराने की राजमाता सुजाता सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर राजमाता को मंच पर सम्मानित भी किया गया। भजन गायक अभिषेक पाठक और उनकी टीम की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
















