धनबाद: झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) के प्रबंध पर्षद की बैठक धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त सह उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बेलगड़िया टाउनशिप के विकास, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 61 से अधिक प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक मंजूरी दी गई।
बैठक में बेलगड़िया में 5.2 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीवर नेटवर्क और दामोदर नदी से जलापूर्ति के जरिए करमाटांड़ पुनर्वास टाउनशिप तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई। इसके अलावा रूफटॉप सोलर, नए विद्युत सब-स्टेशन और 500 सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से जेआरडीए के सिविल कार्यों में कम से कम 20 प्रतिशत स्थानीय अकुशल श्रमिकों को काम पर रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण, मेगा स्किल सेंटर और पोल्ट्री, मत्स्य पालन व डेयरी फार्मिंग के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने फेज-4 के आवासों में मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित संवेदक को एक महीने का समय दिया। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई। बैठक में बेलगड़िया में गेस्ट हाउस और स्टेडियम निर्माण, एक नई 40-सीटर इलेक्ट्रिक बस खरीदने तथा स्कूली बच्चों के लिए दो वैन किराये पर लेने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
















