झरिया/धनबाद: निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत झरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। अभियान के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी भी बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रही है। पार्टी का कहना है कि उसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं पारदर्शी बनी रहे।
इसी क्रम में झरिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-134 पर कांग्रेस नेता कार्तिक हाड़ी ने बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) के रूप में मतदाताओं के बीच पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत इंयुमरेशन फॉर्म का वितरण किया। उन्होंने मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर समय पर आवेदन जमा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्तिक हाड़ी ने बताया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग जानकारी के अभाव में समय पर आवेदन नहीं कर पाते, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल होने या संशोधित होने से रह जाता है। ऐसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और बीएलए के माध्यम से लोगों की हरसंभव मदद कर रही है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही शामिल हों।
इस अवसर पर बीएलए मधु वर्मा, पर्यवेक्षक साजिद हुसैन, वालंटियर अखिलेश सिंह तथा बीएलए-2 भोला हाड़ी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मतदाताओं से समय पर फॉर्म भरने, आवश्यक दस्तावेज जमा करने और निर्वाचन आयोग के इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की।
















