झारखंड में लंबे समय से लंबित राज्य सूचना आयोग की नियुक्तियों को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राजभवन स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में चार नए सूचना आयुक्तों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नव नियुक्त सूचना आयुक्तों में अनुज सिन्हा, शिवपूजन पाठक, तनुज खत्री और अमूल्य नीरज खलखो शामिल हैं।
इन चारों की नियुक्ति पिछले कुछ समय से चर्चा और विवाद का विषय बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार, नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव को प्रारंभिक चरण में राजभवन द्वारा वापस भेजा गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने पुनः उसी प्रस्ताव को राजभवन भेजा, जिस पर महामहिम राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हुई।
नव नियुक्त सूचना आयुक्तों के शपथ ग्रहण के साथ ही राज्य सूचना आयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आयोग में लंबित सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों के निष्पादन में अब तेजी आएगी और आम नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और प्रभावी होगी।
शपथ ग्रहण समारोह में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए सूचना आयुक्त पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
















