रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास होगा।
पिछले कुछ दिनों से रांची में रुक-रुककर बारिश और बूंदाबांदी हुई है। इसके बाद मौसम में ठंडक बढ़ी है। रविवार सुबह रांची समेत कई इलाकों में हल्का कुहासा भी देखा गया, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है।
मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में सुबह के समय कुहासा छाने और दिन में धूप निकलने की संभावना है।
तापमान में गिरावट को देखते हुए सुबह जल्दी निकलने और देर शाम बाहर रहने वाले लोगों को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।
















