रांची: झारखंड में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की ओर से नवंबर महीने में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सूचना के बाद पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। 5 नवंबर 2026 को जारी निर्देश में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
नवंबर में तीन सप्ताह तक कार्यक्रम
पुलिस मुख्यालय के पत्र के अनुसार, माओवादी संगठन की ओर से तीन चरणों में कार्यक्रम मनाने की सूचना है। इसमें 8 से 15 नवंबर तक खूनी क्रांति सप्ताह, 16 से 22 नवंबर तक दमन विरोधी सप्ताह और 24 से 30 नवंबर तक शहीद सप्ताह शामिल हैं।
रेलवे और सरकारी प्रतिष्ठानों पर विशेष सतर्कता
निर्देश में रेलवे परिसरों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों, वन विभाग के कार्यालयों, सार्वजनिक परिवहन और संचार व्यवस्था से जुड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
इसके अलावा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग करने और सुरक्षा संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने किसी भी संभावित अप्रिय घटना से निपटने के लिए पहले से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
















