धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन डीसी के समक्ष सौंपे।
जनता दरबार में एक महिला ने घर पर जबरन ताला लगाए जाने के साथ पूर्व में मारपीट और धमकी दिए जाने की शिकायत की। उन्होंने घर का ताला खुलवाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
वहीं, जिला उत्पाद विभाग में कार्यरत दो कर्मियों ने पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने की समस्या डीसी के सामने रखी और लंबित वेतन का भुगतान जल्द कराने का अनुरोध किया।
डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
















