धनबाद: JPSC और JSSC की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी को लेकर छात्रों का विरोध जारी है। इसी क्रम में अभाविप धनबाद महानगर के कार्यकर्ताओं ने रविवार को रणधीर प्रसाद वर्मा चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में छात्र लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर सकती है।
छात्रों की मांगों पर सरकार से संवाद की अपील
अभाविप ने सरकार से मांग की कि JPSC और JSSC से जुड़ी जिन परीक्षाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उनकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। संगठन ने दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और परीक्षा व्यवस्था में स्थायी सुधार सुनिश्चित करने की मांग की।
गिरफ्तारी का भी जताया विरोध
अभाविप प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंशु तिवारी ने हाल में आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता छात्रों का अधिकार है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में सामने आ रहे कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। अभाविप ने स्पष्ट किया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
संगठन ने गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं के मामले में उचित कार्रवाई करने, छात्रों के साथ तत्काल संवाद स्थापित करने तथा JPSC-JSSC की परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अंशु तिवारी, जयेश राठौर, संगीता कुमारी, विक्की ठाकुर, प्रियांशु, करीना कुमारी, अमित तिवारी, गौरव कुमार, विशाल सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।
















