धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दूसरे और अंतिम दिन विशेष कैंप आयोजित किया गया। प्रथम चरण का दो दिवसीय विशेष कैंप 8 और 9 अगस्त को आयोजित किया गया था।
कैंप के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरने की सुविधा दी गई। वहीं, मतदाता सूची में नाम या विवरण में सुधार, परिवार के सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर दर्ज कराने तथा मतदान केंद्र से संबंधित आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने का अवसर भी दिया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार SIR के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने के लिए 22 और 23 अगस्त 2026 को दूसरा विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET App, निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। किसी प्रकार की जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 18003311950 या वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित होगी। इसके बाद 25 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नामांकन, स्थानांतरण और ‘फैमिली-टुगेदर स्टीकर’ अभियान चलाया जाएगा।
















