धनबाद: भारत कोकिंग कोल नृत्य, संगीत एवं नाट्य संघ की ओर से शुक्रवार को बीसीसीएल के विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा को प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन ‘काला हीरा-2026’ का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष यू.सी. मिश्रा तथा सचिव हेमंत कुमार मंडल ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘काला हीरा’ कोयलांचल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है और यह मंच कला, संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। हाल ही में आयोजित दसवें काला हीरा-2026 कार्यक्रम में देश के 13 राज्यों से आए कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया था। आयोजन को व्यापक सराहना मिली।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि समाज में कला और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रतिभाशाली कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी है। भविष्य में भी इस दिशा में कई रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने काला हीरा-2026 को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कलाकारों, उनके अभिभावकों, विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक गुरुओं, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
















