धनबाद/नई दिल्ली : धनबाद के वरिष्ठ भाजपा नेता अमरेश सिंह ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास 17, अकबर रोड पर शिष्टाचार मुलाकात कर उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर रक्षा मंत्री का सम्मान किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
अमरेश सिंह ने कहा कि राजनाथ सिंह देश के लोकप्रिय एवं अनुभवी नेताओं में से एक हैं और राष्ट्र की सुरक्षा एवं विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। उन्होंने भगवान बाबा विश्वनाथ एवं मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना की कि रक्षा मंत्री स्वस्थ, ऊर्जावान और दीर्घायु रहें तथा देश की सेवा इसी समर्पण के साथ करते रहें।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। अमरेश सिंह ने बताया कि राज्य में संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में अमरेश सिंह ने एक बार फिर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल नेतृत्व और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















