रांची: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर झारखंड में भी राजनीतिक विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने रांची के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने शिकायत में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध खबरों और वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि खड़गे की जनसभा के बाद सभा स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण कराया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यदि किसी व्यक्ति की जातिगत पहचान के आधार पर उसके कार्यक्रम के बाद किसी स्थान को शुद्ध करने की कार्रवाई की गई, तो यह जातिगत भेदभाव और अनुसूचित जाति समाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि खड़गे राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष होने के साथ अनुसूचित जाति समाज के प्रमुख प्रतिनिधि भी हैं। कथित घटना से समाज के लोगों में आक्रोश और पीड़ा है।
कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कराने और जांच में जातिगत भेदभाव या अस्पृश्यता से जुड़ी गतिविधियां सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
















