खूंटी: रनिया थाना क्षेत्र के रनिया-सोदे मुख्य मार्ग स्थित तेतारी गांव में गुरुवार सुबह बिजली करंट लगने से एक दंतैल हाथी की मौत हो गई। हाथी का शव बालिका मध्य विद्यालय के पास झाड़ियों में मिला। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हाथी कोयल नदी की ओर से तेतारी गांव की तरफ आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
















