धनबाद/मुंबई : मुंबई में आयोजित ओबीसी पार्लियामेंट्री कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक में बैकवर्ड क्लास (ओबीसी) कोल इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसियेशन ने कोल इंडिया और उसकी विभिन्न सब्सिडियरी कंपनियों में कार्यरत ओबीसी कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में ओबीसी वर्ग के अधिकार, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसियेशन की ओर से कोल इंडिया में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने, पदोन्नति में आरक्षण सुनिश्चित करने तथा विभिन्न प्रशासनिक और श्रमिक समितियों में यूनियनों की तर्ज पर ओबीसी एसोसियेशन की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, समान अवसर और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मौजूद सांसदों एवं समिति के सदस्यों ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस दौरान ओबीसी पार्लियामेंट कमेटी भारत सरकार, नई दिल्ली के अध्यक्ष Ganesh Singh के समक्ष विस्तृत मांगपत्र भी सौंपा गया। उन्होंने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बैठक में कोल इंडिया अध्यक्ष Gulab Singh, महासचिव Jai Bahadur Singh Yadav, बीसीसीएल उपाध्यक्ष Dev Kumar Verma सहित विभिन्न सब्सिडियरी कंपनियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।














