धनबाद: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को धनबाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। दोपहर 1 बजे से मुहर्रम जुलूस की समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, जुलूस के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए रूट डायवर्जन और नो-एंट्री की व्यवस्था की गई है। विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन के निर्देशानुसार श्रमिक चौक से गया पुल और बैंक मोड़ की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों के लिए भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, जबकि शहर के मुख्य हिस्से में यात्री बसों का प्रवेश जुलूस समाप्त होने तक बंद रहेगा।
भारी वाहनों के लिए भी अलग से ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। झरिया, पुटकी, सिंदरी, केंदुआडीह, कतरास मोड़ और अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है तथा उन्हें वैकल्पिक मार्गों से गुजरने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
















