जमुई: नाबालिग छात्र-छात्रा से जुड़ी अभद्र घटना और उसके वीडियो के प्रसारित होने के मामले में अब CID की विशेष टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद अपराध अनुसंधान विभाग की कमजोर वर्ग शाखा की टीम जमुई पहुंची और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल शुरू की।
जांच टीम घटना से जुड़े तकनीकी, कानूनी और भौतिक साक्ष्यों को जुटाने पर ध्यान दे रही है। इसमें पीड़ित पक्ष के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण और इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल साक्ष्यों की जांच शामिल है। मामले में नामजद और अज्ञात आरोपितों की पृष्ठभूमि की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
CID टीम स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई, आरोपितों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों और केस डायरी में दर्ज जानकारी का भी अध्ययन करेगी। जरूरत के अनुसार जांचकर्ता, संबंधित पुलिस अधिकारी और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा सकती है।
मामले में फोरेंसिक साक्ष्यों के संकलन और सत्यापन को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस मुख्यालय ने जांच की निगरानी की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है। मुंगेर प्रक्षेत्र के DIG और जमुई SP को जांच गंभीरता और निष्पक्षता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
CID की टीम के जमुई पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्रवाई भी तेज होने की जानकारी है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















