देवघर: आगामी NEET (UG)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। Saurabh Kumar Bhuvania की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में इस बार चार परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, व्हीलचेयर, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दंडाधिकारियों की तैनाती और नियमित गश्ती व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की जाएगी तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, तैयारियों की अंतिम समीक्षा के लिए 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
जिले के परीक्षा केंद्रों में A S College Science Block, Deoghar College, Rama Devi Bajla Mahila Mahavidyalaya तथा PM SHRI Jawahar Navodaya Vidyalaya Rikhia शामिल हैं।
प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
















