एनईईटी (यूजी) 2026 परीक्षा के पुनः आयोजन को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, परीक्षार्थियों के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने समिति के सदस्यों को परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की व्यापक समीक्षा करने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन का सत्यापन करने का निर्देश दिया। साथ ही 20 जून से 21 जून तक परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रश्न पत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए एस्कॉर्ट व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर भी निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
जिले में NEET (UG) 2026 परीक्षा का पुनः आयोजन 21 जून 2026 को कुल सात केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय धनबाद नंबर 1, डिग्री कॉलेज आरएसपी 2 जामाडोबा, बीआईटी सिंदरी, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी, आईआईटी आईएसएम, एसएसएलएनटी कॉलेज तथा आरएस मोर कॉलेज शामिल हैं।
सामान्य अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग (PWD) अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय शाम 6:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, शैलेन्द्र शर्मा, डीआईओ सुनीता तुलस्यान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
















