नई दिल्ली : प्रधानमंत्री Narendra Modi 23 मई 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नव नियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के तहत रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार के अनुसार, अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए देशभर में करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
19वां रोजगार मेला देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना तथा देश में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।














