पश्चिमी टुंडी (धनबाद): पश्चिमी टुंडी प्रखंड के कदेयां-राजगंज मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का वैकल्पिक डायवर्सन टूट जाने से पिछले तीन दिनों से आवागमन पूरी तरह बाधित है। मार्ग बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों, मरीजों, स्कूली बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर मार्ग बहाल नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन और सड़क जाम करेंगे।
जानकारी के अनुसार, कदेयां पंचायत के कलाली मोड़ के समीप ग्रामीण विकास विभाग (विशेष प्रमंडल) द्वारा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुल निर्माण के दौरान आवाजाही के लिए बनाए गए वैकल्पिक डायवर्सन के क्षतिग्रस्त हो जाने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। फिलहाल लोग जोखिम उठाकर पैदल और दोपहिया वाहनों से किसी तरह रास्ता पार कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायवर्सन निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया, जिसके कारण वह क्षतिग्रस्त हो गया। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई है तथा जल्द वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त कराने का आश्वासन मिला है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मरम्मत कर यातायात बहाल नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आमजन को इस समस्या से कब राहत मिलती है।
















