निरसा। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने मनु सिंह को निरसा प्रखंड का विधायक प्रतिनिधि मनोनीत किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में उनके स्वागत के लिए समारोह आयोजित किया गया, जहां समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-माला एवं गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में मौजूद लोगों ने मनु सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे रखेंगे। साथ ही आम लोगों की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात
नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि मनु सिंह ने विधायक अरूप चटर्जी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जिस भरोसे के साथ यह जिम्मेदारी दी गई है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र की जनता की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित करना और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
मनु सिंह ने कहा कि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना और लोगों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना उनकी नई जिम्मेदारी का मुख्य उद्देश्य होगा।
कई लोग रहे मौजूद
स्वागत समारोह में जिला परिषद संख्या-8 के प्रतिनिधि विश्वनाथ रोहिदास, निरसा उत्तर पंचायत के मुखिया दिनेश सिंह, एमपीएल कामगार यूनियन के संगठन मंत्री प्रभु सिंह, महर्षि दयानंद गुरुकुल के अध्यक्ष हरहर आर्य, भाकपा माले के कार्यकर्ता छोटन गोराई और पोमिल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
महिला मोर्चा की आशा कुंभकार और ज्योति श्रीवास्तव समेत अन्य कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी मनु सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
















