रांची: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर झारखंड भाजपा की ओर से रांची के दीनदयाल नगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक सीपी सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ से जुड़े विचारों को याद किया। नेताओं ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनके विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जनसेवा के माध्यम से उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
भाजपा की ओर से 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 2026 में उनकी 110वीं जयंती है।
कार्यक्रम में विधायक नीरज कुमार, प्रतुल शाहदेव समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















