धनबाद: धनबाद जिला जदयू के जिलाध्यक्ष एवं नीतीश विचार मंच झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह ने गुरुवार को पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड आवास पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान पिंटू कुमार सिंह ने संगठनात्मक गतिविधियों और झारखंड में पार्टी की मजबूती को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने उन्हें राजनीतिक जीवन में निरंतर प्रगति करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पिंटू कुमार सिंह को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने और संगठन के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संदेश दिया। उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में दिन-दूनी रात-चौगुनी उन्नति की कामना करते हुए संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया।
मुलाकात के बाद पिंटू कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को पहुंचाने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जदयू संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। साथ ही जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने का भी संकल्प दोहराया।
















