धनबाद: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत लटानी पंचायत के ग्राम बामनबाद स्थित हरि मंदिर प्रांगण में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बामनबाद रांगा बांध में प्रस्तावित सीढ़ी घाट निर्माण कार्य को गति देना तथा इसे पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए समिति का गठन करना था।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ‘सीढ़ी घाट निर्माण समिति’ का गठन किया। ग्रामीणों का कहना था कि रांगा बांध में सीढ़ी घाट नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को स्नान, पूजा-पाठ और अन्य दैनिक कार्यों में वर्षों से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से छठ पूजा, मकर संक्रांति और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान लोगों को काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि सीढ़ी घाट के निर्माण से न केवल आम लोगों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। समिति का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाना, उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा वर्षों पुरानी इस मांग को जल्द से जल्द पूरा कराना है।
बैठक में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई और समिति के माध्यम से प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।
















