धनबाद: नालसा और झालसा के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद की ओर से पूर्वी टुंडी के मैरानवाटांड पंचायत भवन में 60 दिवसीय नालसा मेगा ड्राइव फेज-1 के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेला-प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भी राज्य में कानूनी जागरूकता और आउटरीच कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
डालसा के सचिव मयंक तुषार टोपनो के अनुसार, अभियान के तहत मैरानवाटांड पंचायत के सभी छह गांवों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के चौथे दिन घरेलू हिंसा, बाल विवाह और नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए।
शिविर के दौरान डोर-टू-डोर अभियान में चिन्हित लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभ और सामग्री वितरित की गई। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, सात किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन से संबंधित पत्र, जेएसएलपीएस की दीदियों के बीच 17 लाख रुपये का चेक, दिव्यांग लाभुकों को दो व्हीलचेयर और दो श्रवण यंत्र तथा शिक्षा विभाग की ओर से 20 साइकिल शामिल हैं।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से दो लाभुकों की गोद भराई की रस्म कराई गई और पोषण सामग्री वितरित की गई। शिविर में ग्रामीणों से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित करीब 30 आवेदन और फॉर्म भी लिए गए।
कार्यक्रम में डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो, एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट, पंचायत की मुखिया खोमा मोदक, पंचायत सचिव आशा सोरेन, बीआरसी धन्यज मंडल, महिला पर्यवेक्षिका अनीता कुमारी, किरण कुमारी और लीला रवानी सहित अन्य पदाधिकारी, पीएलवी, जेएसएलपीएस कर्मी और कलाकार मौजूद रहे।
















