धनबाद : झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मंगलवार को डीआरएम कार्यालय पहुंचकर धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
विधायक ने दानापुर–कोडरमा ट्रेन संख्या 13233/13234 को धनबाद तक विस्तारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि ट्रेन के विस्तार से धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
मुलाकात के दौरान विधायक ने भूली क्षेत्र में रेलवे द्वारा निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य के कारण जोड़िया नदी में मिट्टी जमा होने की समस्या भी डीआरएम के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि नदी में मिट्टी भरने से जल का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया है और बीसीसीएल की जलापूर्ति पाइपलाइन पानी में डूब गई है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कारण भूली क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।
डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने दोनों मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मानस प्रसून, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा, निर्मल प्रधान एवं मनोज मालाकार भी उपस्थित रहे।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।














