पूर्वी टुंडी (धनबाद): पूर्वी टुंडी प्रखंड के गढ़ रघुनाथपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पीएमसीएच धनबाद के सहयोग से एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था।
शिविर में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैफुल इस्लाम और नेजरूल इस्लाम ने सबसे पहले रक्तदान कर अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके इस कदम के बाद कई अन्य लोगों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदान के महत्व पर जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रक्तदान से जरूरतमंदों की जान बचाने के साथ-साथ रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर में मेडिकल अफसर डॉ. पूजा कुशवाहा, लैब टेक्नीशियन संजय कुमार रजक, एमपीडब्ल्यू सुरेश टुडू सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा बिष्णु पद कुम्भकार, राजू महतो, शंभू साहनी, समीर सोरेन, शंकर मुर्मू और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
















